शासकीय महाविद्यालय आरोन जिला - गुना में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दिनांक 19-11-2024 से 25-11-2024 तक कौमी एकता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी जिसका समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह प्राचार्य सुश्री महाविद्या उपाध्याय के संरक्षण में दिनांक 25-11-2024 को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ. वरूण प्रताप सिंह जादौन वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र आरोन एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. वी.एस. मीना द्वारा माँ सरस्वती पर दीप प्रज्जवलित कर किया। सरस्वती वंदना एन.एस.एस. छात्रा साक्षी रघुवंशी द्वारा एवं स्वागत गीत एन.एस.एस. छात्र कान्हा सिंह सेन द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. जादौन ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सभी को सभी सम्प्रदाय के साथ सद्भाव बनाए रखना चाहिए। देश में एकता बनाए रखने के लिए युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने अपने छात्र जीवन के दौरान एन.एस.एस. अनुभव साझा किए। विद्यार्थी एन.एस.एस. से जुड़कर अपने अंदर नेतृत्व करने की क्षमता विकसित करते हैं साथ ही विभिन्न प्रकार के कैम्प एवं प्रमाण पत्रों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. वी.एस. मीना ने कहा कि देश में किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव किए बिना देश के विकास में सहयोग करना चाहिए। विद्यार्थियों को साम्प्रदायिक सद्भाव के लिए मार्गदर्शित किया। एन.एस.एस. जिला संगठक श्री हिन्दू सिंह धाकड़ ने कौमी एकता सप्ताह के अंतर्गत महाविद्यालय मंे आयोजित गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया साथ ही बताया कि एन.एस.एस. एवं रेड रिबन क्लब द्वारा दिनांक 25-11-2024 से 01-12-2024 तक एड्स जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा जिसमें विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में कौमी एकता एवं विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित पोस्टर निर्माण, प्रश्नमंच , नुक्कड़ नाटक, दौड़, निबंध प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन एन.एस.एस. छात्रा साक्षी धाकड़ ने किया एवं आभार श्री हिन्दू सिंह धाकड़ द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्रीमती कृति जैन, डॉ. रविकांत जाटव, श्री पंकज साहू, डॉ. कोसर जहां, डॉ. अलीम मियां, डॉ. सुनीता जैन सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एन.एस.एस. के स्वयं सेवक आस्था रघुवंशी , अमन श्रीवास्तव, निकिता धाकड़, चंद्रशेखर कुशवाह , मनीषा, संस्कृति, जितेन्द्र, साक्षी शर्मा, सुमित धाकड़, मुस्कान आदि की सक्रीय भूमिंका रही।